मेले से लौटते युवकों पर हमला, चाबी छीनकर की मारपीट
तमनार थाना क्षेत्र के झीकाबहाल गांव का मामला

Freelance editor Amardeep chauhan @ http://amarkhabar.com
रायगढ़। तमनार थाना क्षेत्र में एक बार फिर युवकों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। मेले से लौट रहे दो युवकों को रास्ते में रोककर कथित तौर पर उनके साथ न सिर्फ गाली-गलौज की गई, बल्कि मारपीट कर वाहन की चाबी भी छीन ली गई। पीड़ित ने इस संबंध में थाना तमनार में लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता दीपक राठिया (20 वर्ष), पिता जगदीश राठिया, निवासी टिहलीरामपुर ने बताया कि 30 जनवरी 2026 को वह अपने दोस्त यशवंत कहरा के साथ झीकाबहाल मेले में गया था। मेला देखकर जब दोनों युवक घर लौट रहे थे, तभी झीकाबहाल गांव के ही रहने वाले पंकज सिदार, देवेंद्र और महेश ने रास्ते में उन्हें रोक लिया।
दीपक राठिया के अनुसार, बिना किसी पूर्व विवाद के तीनों आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी और उसकी गाड़ी की चाबी भी जबरन अपने पास रख ली। अचानक हुए इस हमले से वह घबरा गया। मारपीट होता देख उसका दोस्त बीच-बचाव के लिए आगे आया, लेकिन आरोपियों ने उसके दोस्त को भी नहीं बख्शा और उसके साथ भी हाथापाई करने लगे।
स्थिति बिगड़ती देख दोनों युवक किसी तरह जान बचाकर वहां से भागे और बाद में थाना तमनार पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित का कहना है कि घटना के बाद से वह और उसका दोस्त मानसिक रूप से डरे हुए हैं।
दीपक राठिया ने थाना प्रभारी से आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। फिलहाल पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
यह घटना एक बार फिर ग्रामीण इलाकों में युवाओं की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े करती है। अब देखना यह होगा कि पुलिस इस मामले में कितनी जल्दी और कितनी प्रभावी कार्रवाई करती है।

News associate Kartik rathiya