मंगलवार की सुबह पचधारी डैम में दो किशोरियों की तैरती हुई लाश मिलने से पूरे क्षेत्र में हड़कंप , कब रुकेगा मौत का सिलसिला!

सम्पादक अमरदीप चौहान/अमरखबर.कॉम रायगढ़। मंगलवार की सुबह पचधारी डैम में दो किशोरियों की तैरती हुई लाश मिलने से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मृतक लड़कियों की उम्र करीब 15-17 साल के बीच बताई जा रही है। दोनों युवतियां चक्रधर नगर क्षेत्र के विनोबा नगर की निवासी थीं। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच हुई है। फिलहाल पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और घटना की जांच कर रही है।
गौरतलब हो कि गर्मी के मौसम में पचधारी डैम का एनीकेट पहले भी खतरनाक साबित होता रहा है। प्रशासन ने इसे प्रतिबंधित क्षेत्र घोषित कर रखा है, लेकिन बावजूद इसके लोग यहां नहाने आते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि हर साल डैम में डूबने से मौतें होती हैं, लेकिन प्रशासन इस ओर कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि अगर प्रशासन अब भी सचेत नहीं हुआ, तो ऐसी घटनाएं भविष्य में भी होती रहेंगी। घटना ने जिला प्रशासन और पुलिस की जिम्मेदारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय निवासियों ने मांग की है कि डैम के आसपास सख्त सुरक्षा व्यवस्था की जाए और नहाने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया जाए। नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की भी जरूरत है। हर साल गर्मी के मौसम में पचधारी डैम पर इस तरह की घटनाएं सामने आती हैं। यह समय है कि प्रशासन इस पर गंभीरता से ध्यान दे और डैम के आसपास सुरक्षा के इंतजाम करे, ताकि लोगों जिंदगियां बचाई जा सकें।