Latest News

पूंजीपथरा-तमनार मार्ग पर मौत का कहर: एसईसीएल उप प्रबंधक की मौके पर मौत, साथी अधिकारी गंभीर रूप से घायल

Freelance editor Amardeep chauhan @ http://amarkhabar.com

रायगढ़/घरघोड़ा/तमनार। औद्योगिक क्षेत्र पूंजीपथरा थाना अंतर्गत शुक्रवार रात एक भीषण सड़क हादसे ने कोयला अंचल को गहरे सदमे में डाल दिया। एसईसीएल (साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड) में पदस्थ उप प्रबंधक (खनन) मुकेश कुमार पटेल की अज्ञात तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद एक अन्य अधिकारी दिनेश कश्यप गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनका इलाज रायगढ़ स्थित फोर्टिस जिंदल हॉस्पिटल में जारी है।

मिली जानकारी के अनुसार, मुकेश पटेल (लगभग 50 वर्ष), निवासी बिजनी (डभरा, जिला शक्ति), शुक्रवार 10 अप्रैल की रात करीब 8 बजे रायगढ़ से अपने बरौद लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि उनके साथ एसईसीएल के ही अधिकारी दिनेश कश्यप भी मौजूद थे। जैसे ही उनकी बाइक पूंजीपथरा-तमनार चौक के समीप पहुंची, पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने तेज रफ्तार में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी खतरनाक थी कि बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे। मुकेश पटेल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दिनेश कश्यप गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर तड़पते रहे। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पूंजीपथरा पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए तत्काल रायगढ़ रेफर किया गया। उन्हें फोर्टिस जिंदल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है और चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।

इधर, पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए घरघोड़ा अस्पताल भेज दिया है। मामले में मर्ग कायम कर अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश तेज कर दी गई है, हालांकि देर रात तक कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया था।

बताया जाता है कि मुकेश पटेल घरघोड़ा क्षेत्र के बरौद ओपन कास्ट माइंस में उप प्रबंधक (खनन) के पद पर कार्यरत थे। वे अपने सौम्य व्यवहार, अनुशासन और कार्य के प्रति समर्पण के लिए पहचाने जाते थे। उनके आकस्मिक निधन की खबर मिलते ही एसईसीएल कर्मियों और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

यह हादसा एक बार फिर पूंजीपथरा-तमनार/घरघोड़ा जैसे व्यस्त औद्योगिक मार्गों की खतरनाक हकीकत को उजागर करता है। रात के समय भारी वाहनों की अनियंत्रित रफ्तार, अपर्याप्त रोशनी और ट्रैफिक निगरानी की कमी आए दिन जानलेवा साबित हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस मार्ग पर स्पीड कंट्रोल, सीसीटीवी निगरानी और नियमित पुलिस गश्त की व्यवस्था सख्ती से लागू नहीं की गई, तो ऐसे हादसे आगे भी होते रहेंगे।

फिलहाल, पूरे क्षेत्र की नजरें पुलिस जांच पर टिकी हैं—क्या इस हिट एंड रन मामले में जिम्मेदार वाहन और चालक तक पहुंचा जा सकेगा, या यह हादसा भी फाइलों में दबकर रह जाएगा।

अन्य अधिक खबरों के लिए क्लिक करें https://amarkhabar.com/

Amar Chouhan

AmarKhabar.com एक हिन्दी न्यूज़ पोर्टल है, इस पोर्टल पर राजनैतिक, मनोरंजन, खेल-कूद, देश विदेश, एवं लोकल खबरों को प्रकाशित किया जाता है। छत्तीसगढ़ सहित आस पास की खबरों को पढ़ने के लिए हमारे न्यूज़ पोर्टल पर प्रतिदिन विजिट करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button