Latest News

धान खरीदी में टोकन संकट पर किसान कांग्रेस का अल्टीमेटम: 26 जनवरी तक समाधान नहीं तो 27 से रायगढ़ में चक्का जाम और धरना

Freelance editor Amardeep chauhan @ http://amarkhabar.com

रायगढ़। धान खरीदी में आ रही अव्यवस्थाओं और किसानों की लंबित समस्याओं को लेकर जिले का सियासी माहौल गरमा गया है। सोमवार को किसान कांग्रेस और कांग्रेस पार्टी के संयुक्त नेतृत्व में किसानों ने कलेक्टर रायगढ़ को महामहिम राज्यपाल के नाम से सात सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन सौंपने के बाद कलेक्टर कार्यालय में हुई चर्चा से किसान संतुष्ट नहीं दिखे। इसके साथ ही किसान कांग्रेस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि 26 जनवरी 2026 तक सभी वास्तविक किसानों के टोकन काटने की प्रक्रिया शुरू नहीं हुई, तो 27 जनवरी 2026, मंगलवार से चरणबद्ध चक्का जाम और धरना प्रदर्शन की शुरुआत की जाएगी।

प्रदेश किसान कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर यह ज्ञापन जिला किसान कांग्रेस कमेटी रायगढ़ के अध्यक्ष श्री देवानंद पटेल के नेतृत्व में सौंपा गया। प्रतिनिधिमंडल में शामिल किसानों और कार्यकर्ताओं ने टोकन नहीं कटने से धान खरीदी ठप होने, भुगतान में अनिश्चितता और प्रशासनिक लापरवाही जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।

कलेक्टर से मिला आश्वासन, पर भरोसा नहीं

ज्ञापन सौंपे जाने के दौरान कलेक्टर रायगढ़ ने यह आश्वासन दिया कि “वास्तविक किसानों का ही टोकन काटा जाएगा”। हालांकि, किसानों का कहना है कि यह आश्वासन पहले भी दिया जा चुका है, लेकिन जमीनी स्तर पर हालात जस के तस बने हुए हैं। कई किसानों का धान अब भी खरीदी के इंतजार में पड़ा है, जिससे आर्थिक संकट गहराता जा रहा है।

कलेक्टर कार्यालय से बाहर निकलने के बाद उपस्थित किसानों और कार्यकर्ताओं के साथ चर्चा कर सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि यदि 26 जनवरी तक टोकन कटना शुरू नहीं हुआ, तो आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा।

लोइंग सोसाइटी से आंदोलन की शुरुआत

किसान कांग्रेस ने घोषणा की है कि चरणबद्ध आंदोलन की शुरुआत रायगढ़ ब्लॉक की लोइंग सोसाइटी के सामने की जाएगी। पहले चरण में चक्का जाम और धरना प्रदर्शन किया जाएगा, जिसके बाद भी मांगें Star मानी गईं तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

नेताओं और किसानों की मजबूत मौजूदगी

इस कार्यक्रम में ब्लॉक किसान कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष श्री सुनील मालाकार, ब्लॉक किसान कांग्रेस परिसीमन रायगढ़ अध्यक्ष श्री पालूराम मालाकार, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष श्री प्रदीप गुप्ता, किसान कांग्रेस के प्रभारी महामंत्री श्री लोचन सिंह चौहान, वरिष्ठ कांग्रेस कार्यकर्ता सुरेन्द्र गुप्ता, मुकेश गुप्ता, दुलामणि मालाकार, श्याम लाल गुप्ता शामिल रहे।
इसके अलावा अनुसूचित कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री परदेसी चौहान, ब्लॉक अध्यक्ष श्री त्रिनाथ चौहान, तथा सैकड़ों किसान और कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

किसानों का सवाल—कब मिलेगी राहत?

किसानों का कहना है कि धान खरीदी व्यवस्था में देरी सीधे तौर पर उनकी आजीविका पर असर डाल रही है। कर्ज, बीज, खाद और घरेलू खर्चों के बीच फंसे किसान अब निर्णायक संघर्ष के मूड में हैं। किसान कांग्रेस ने साफ कर दिया है कि यह आंदोलन केवल टोकन कटवाने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि सात सूत्रीय मांगों के पूर्ण समाधान तक जारी रहेगा।

अब निगाहें प्रशासन पर टिकी हैं—26 जनवरी तक समाधान होता है या 27 जनवरी से रायगढ़ की सड़कों पर किसानों का आंदोलन नई तस्वीर पेश करता है।

News associate DN Naik

Amar Chouhan

AmarKhabar.com एक हिन्दी न्यूज़ पोर्टल है, इस पोर्टल पर राजनैतिक, मनोरंजन, खेल-कूद, देश विदेश, एवं लोकल खबरों को प्रकाशित किया जाता है। छत्तीसगढ़ सहित आस पास की खबरों को पढ़ने के लिए हमारे न्यूज़ पोर्टल पर प्रतिदिन विजिट करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button