छत्तीसगढ़ में अगले 5 दिन गरज-चमक के साथ बारिश के आसार

सम्पादक जर्नलिस्ट अमरदीप चौहान/अमरखबर.कॉम रायपुर, 9 जून 2025। छत्तीसगढ़ में मानसून की आहट साफ तौर पर महसूस की जा रही है। मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर द्वारा जारी ताज़ा रिपोर्ट के अनुसार, प्रदेश के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। पिछले 24 घंटों में मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ के कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा रिकॉर्ड की गई है, जिससे मौसम में ठंडक आई है और गर्मी से राहत मिली है।
भारतीय मौसम विभाग ने बताया है कि 11 जून से बारिश की गतिविधियों में और तेजी आने की उम्मीद है। गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश हो सकती है। वहीं प्रदेश के तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा सकती है। अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में कोई विशेष बदलाव की संभावना नहीं है, लेकिन उसके बाद तीन दिनों में तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हो सकती है।
मौसमी परिस्थितियों की बात करें तो मानसून की उत्तरी सीमा इस समय मुंबई, अंबिकापुर, इलाहाबाद, भुवनेश्वर, पुरी और बालासोर जैसे स्थानों से होकर गुजर रही है। एक ऊपरी हवा का चक्रवाती घेरा उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों पर बना हुआ है, जिसके कारण मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ओर नमी बढ़ रही है। बंगाल की खाड़ी से भी एक ऊपरी हवा का चक्रवात सक्रिय है, जिससे ओडिशा, पश्चिम बंगाल और छत्तीसगढ़ के मौसम पर प्रभाव पड़ रहा है।
रायपुर शहर की बात करें तो आज बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
मौसम विभाग ने आगामी 7 दिनों के लिए भी पूर्वानुमान जारी किया है। 9 से 13 जून तक प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान 30 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है, विशेष रूप से खुले क्षेत्रों और असुरक्षित जगहों पर जाने से बचने की हिदायत दी गई है। वहीं 14 और 15 जून को मौसम सामान्य रहने के संकेत हैं।