ग्राम महलोई में पाँच दिवसीय निःशुल्क योग शिविर सम्पन्न, बच्चों से लेकर ग्रामीणों तक दिखा उत्साह

Freelance editor Amardeep chauhan @ http://amarkhabar.com
योग से स्वास्थ्य, अनुशासन से जीवन
रायगढ़।
स्वस्थ जीवनशैली की दिशा में एक सार्थक पहल के रूप में ग्राम महलोई में पाँच दिवसीय निःशुल्क योग प्रशिक्षण शिविर का सफल आयोजन किया गया। छत्तीसगढ़ शासन के आयुष विभाग संचालनालय के आदेशानुसार एवं जिला आयुष अधिकारी रायगढ़ डॉ. सी. एस. गौराहा के मार्गदर्शन में यह शिविर आयुष्मान आरोग्य मंदिर समकेरा (आयुष) के समस्त स्टाफ एवं योग प्रशिक्षक श्री टिकेश्वर प्रसाद साहू के सहयोग से दिनांक 01 फरवरी से 05 फरवरी 2026 तक आयोजित हुआ।
पूर्व माध्यमिक विद्यालय परिसर, ग्राम महलोई में आयोजित इस शिविर में पाँचों दिन विद्यालय के बच्चों के साथ-साथ बड़ी संख्या में ग्रामवासी उत्साहपूर्वक शामिल हुए। सुबह के समय अनुशासित वातावरण में योगाभ्यास करते बच्चों और ग्रामीणों की सहभागिता ने यह साबित किया कि ग्रामीण अंचलों में भी स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता तेजी से बढ़ रही है।
शिविर के दौरान प्रतिभागियों को सूर्य नमस्कार, ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, मयूरासन, सर्वांगासन जैसे योगासनों के साथ-साथ भस्त्रिका, भ्रामरी, अनुलोम-विलोम, कपालभाति एवं अन्य जीवनोपयोगी प्राणायामों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। योग प्रशिक्षक श्री टिकेश्वर प्रसाद साहू ने सरल भाषा में योग के शारीरिक, मानसिक और आत्मिक लाभों को समझाते हुए नियमित अभ्यास पर विशेष जोर दिया।

प्रत्येक दिन योग सत्र के समापन के पश्चात बच्चों को अंकुरित चना, मूंग एवं योग संबंधी जानकारी पाम्पलेट वितरित किए गए, जिससे पोषण और योग—दोनों का महत्व एक साथ समझाया जा सके। योगाभ्यास में अनुशासन और नियमितता दिखाने वाले बच्चों को प्रोत्साहन स्वरूप पुरस्कार देकर सम्मानित भी किया गया, जिससे बच्चों में और अधिक उत्साह देखने को मिला।
शिविर के समापन अवसर पर ग्राम सरपंच माननीया श्रीमती गौरी राठिया ने अपने उद्बोधन में योग और प्राणायाम को दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि संतुलित और स्वस्थ जीवन जीने की कला है। इस अवसर पर श्री आकाश महापात्र एवं श्री मोतीलाल साहू द्वारा योग प्रशिक्षक श्री टिकेश्वर प्रसाद साहू को स्मृति चिन्ह एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया।
पाँच दिनों तक चले इस योग शिविर ने ग्राम महलोई में स्वास्थ्य के प्रति एक सकारात्मक संदेश दिया है। आयोजन की सफलता ने यह स्पष्ट किया कि यदि सही मार्गदर्शन और सामूहिक सहभागिता हो, तो योग जैसी प्राचीन विद्या आज भी समाज को नई ऊर्जा और दिशा दे सकती है।