Latest News

खरसिया की स्याह रात: रास्ते में रोका गया युवक, पेट्रोल डालकर जलाने की आशंका -इलाज के दौरान मौत से गांव में दहशत

Freelance editor Amardeep chauhan @ http://amarkhabar.com

रायगढ़। जिले के खरसिया थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। एक युवक को कथित रूप से पेट्रोल छिड़ककर जिंदा जलाने की आशंका जताई जा रही है। गंभीर रूप से झुलसे युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई, जिसके बाद गांव में आक्रोश और भय का माहौल है।

अधजली हालत में मिला युवक
जानकारी के अनुसार, 16 और 17 फरवरी की दरम्यानी रात मौहापाली के भांटापारा मोहल्ले में ग्रामीणों ने एक युवक को अधजली अवस्था में देखा। उसकी पहचान चपले निवासी नंदू पटेल उर्फ शिव प्रसाद पटेल के रूप में हुई। परिजन तत्काल उसे स्थानीय सिविल अस्पताल ले गए, लेकिन हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उसे रायगढ़ रेफर कर दिया। करीब 60 प्रतिशत तक झुलसे युवक ने मंगलवार शाम उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

मामा के घर से लौटते समय हुई वारदात
परिजनों के मुताबिक, शिव प्रसाद सोमवार शाम बैंक के काम से मौहापाली आया था। रकम नहीं निकल पाने पर वह अपने मामा शत्रुघन पटेल के घर गया, जहां भोजन के बाद रात करीब 10:30 से 11 बजे के बीच बाइक से अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में दो युवकों ने उसे रोक लिया। इसके बाद क्या हुआ, इसकी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी, लेकिन सुबह वह गंभीर रूप से झुलसी हालत में मिला।

सीसीटीवी फुटेज से बढ़ा संदेह
घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में मृतक को आखिरी बार गांव के दो युवकों के साथ देखा गया बताया जा रहा है। इसी आधार पर परिजनों ने आशंका जताई है कि पहले युवक से मारपीट की गई और फिर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी गई। परिवार ने गांव के दो युवकों पर संदेह जताते हुए आरोप लगाया है कि वे रात के समय राहगीरों को रोककर विवाद करते थे।

गांव में आक्रोश, पुलिस जांच तेज
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है। ग्रामीणों में भय और आक्रोश दोनों दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर जांच शुरू कर दी है। खरसिया एसडीओपी प्रभात पटेल ने बताया कि युवक अधजली हालत में मिला था और इलाज के दौरान उसकी मौत हुई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हर पहलू की जांच कर रही है।

सवालों के घेरे में कानून-व्यवस्था
इस सनसनीखेज घटना ने एक बार फिर रात में ग्रामीण मार्गों की सुरक्षा और स्थानीय विवादों की गंभीरता को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। परिजन न्याय की मांग कर रहे हैं और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की अपेक्षा कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होते ही आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Amar Chouhan

AmarKhabar.com एक हिन्दी न्यूज़ पोर्टल है, इस पोर्टल पर राजनैतिक, मनोरंजन, खेल-कूद, देश विदेश, एवं लोकल खबरों को प्रकाशित किया जाता है। छत्तीसगढ़ सहित आस पास की खबरों को पढ़ने के लिए हमारे न्यूज़ पोर्टल पर प्रतिदिन विजिट करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button