Latest News

करंट के जाल में गई किसान की जान, छह आरोपियों पर कसा शिकंजा

Freelance editor Amardeep chauhan @ http://amarkhabar.com

लैलूंगा पुलिस की सख्ती—गैर इरादतन हत्या के चार और आरोपी गिरफ्तार, भेजे गए जेल

रायगढ़, 22 जनवरी।
लैलूंगा थाना क्षेत्र के ग्राम खम्हार में खेत की रखवाली के दौरान करंटयुक्त तार की चपेट में आकर किसान की मौत के बहुचर्चित मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शेष चार फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। इस तरह इस दर्दनाक घटना में शामिल सभी छह आरोपियों को कानून के शिकंजे में ले लिया गया है।

घटना 12 अक्टूबर 2025 की है, जब ग्राम खम्हार निवासी 37 वर्षीय किसान लालकुमार साहू अपने खेत मुड़बहला में धान की फसल की सुरक्षा के लिए रात करीब आठ बजे गया था। जंगली सुअरों को भगाने के उद्देश्य से वह फटाका फोड़ रहा था, इसी दौरान खेत में बिछाए गए करंटयुक्त जीआई तार की चपेट में आ गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। खेत में बांस की फाली पर तार बांधकर अवैध रूप से बिजली कनेक्शन जोड़कर जंगली सुअर फसाने का जाल बिछाया गया था, जिसने एक निर्दोष किसान की जान ले ली।

मामले की सूचना पर आलोक कुमार द्वारा थाना लैलूंगा में मर्ग इंटिमेशन दर्ज कराई गई। पुलिस ने मर्ग क्रमांक 137/2025 धारा 194 भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के तहत जांच शुरू कर अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 281/2025 धारा 105 भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया। विवेचना के दौरान गवाहों के बयान और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जोसेफ मिंज और सोनू एक्का को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिन्होंने खेत में करंट लगाने की बात स्वीकार की। दोनों को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा चुका है। प्रकरण में आपराधिक षड्यंत्र के साक्ष्य मिलने पर धारा 61(2) बीएनएस भी जोड़ी गई।

घटना के बाद से फरार अन्य आरोपियों की तलाश में थाना प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। सतत प्रयासों के बाद 22 जनवरी 2026 को शेष चार आरोपी—सत्यप्रकाश एक्का, जशवंत मिंज, शशीलाल एक्का और करन चौहान—सभी निवासी ग्राम खम्हार, को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी एवं एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्दांत तिवारी के मार्गदर्शन में लैलूंगा पुलिस ने तत्परता और दृढ़ता का परिचय दिया। पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि खेतों में अवैध रूप से करंट लगाकर वन्यजीवों का शिकार करने या ऐसी लापरवाही से किसी की जान जाने पर दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

Amar Chouhan

AmarKhabar.com एक हिन्दी न्यूज़ पोर्टल है, इस पोर्टल पर राजनैतिक, मनोरंजन, खेल-कूद, देश विदेश, एवं लोकल खबरों को प्रकाशित किया जाता है। छत्तीसगढ़ सहित आस पास की खबरों को पढ़ने के लिए हमारे न्यूज़ पोर्टल पर प्रतिदिन विजिट करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button