ओडिशा से चल रहा था गांजा सप्लाई का नेटवर्क, ‘ऑपरेशन तलाश’ में तमनार पुलिस ने दबोचा सप्लायर

Freelance editor Amardeep chauhan @ http://amarkhabar.com
रायगढ़, 13 मार्च। अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन तलाश” के तहत तमनार पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पहले पकड़े गए आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने ओडिशा के एक गांजा सप्लायर को गिरफ्तार कर लिया है, जो लंबे समय से इस इलाके में गांजे की आपूर्ति कर रहा था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 17 फरवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो युवक एक नीले रंग की एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल (CG 13 AF 1306) से अवैध मादक पदार्थ गांजा लेकर टपरिया–हमीरपुर बॉर्डर से धौराभांठा की ओर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना तमनार पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए इलाके में घेराबंदी की और संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोककर दो व्यक्तियों को हिरासत में लिया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान मनोज कुमार प्रधान (42 वर्ष) निवासी ग्राम गाला, थाना पत्थलगांव, जिला जशपुर तथा संजय कुमार देहरी (36 वर्ष) निवासी ग्राम गाला, थाना पत्थलगांव, जिला जशपुर के रूप में हुई। तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके कब्जे से 1.150 किलोग्राम गांजा, दो मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की। बरामद गांजे की कीमत लगभग 9,200 रुपये आंकी गई।
इस मामले में थाना तमनार में अपराध क्रमांक 44/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के अंतर्गत मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया था।
पुलिस पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने जिस व्यक्ति से गांजा खरीदने की बात स्वीकार की, उसी के आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई। आरोपियों द्वारा बताए गए मोबाइल नंबर और कॉल डिटेल की जांच में पुलिस को मिथुन सा नामक व्यक्ति का सुराग मिला, जो टपरिया, थाना हिमगीर, जिला सुंदरगढ़ (ओडिशा) का निवासी है।
इसके बाद थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक प्रशांत राव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ओडिशा के सुंदरगढ़ पहुंचकर दबिश दी और आरोपी मिथुन सा (32 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। आरोपी ने स्वीकार किया कि गांजा बेचकर प्राप्त रकम वह खर्च कर चुका है।
गिरफ्तार आरोपी को विधिवत कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक प्रशांत राव के साथ एएसआई शशिदेव भोय, प्रधान आरक्षक देव राठिया और आरक्षक विपिन पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
जिला पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन तलाश” के तहत फरार आरोपियों और वारंटियों की लगातार पहचान कर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।