“ऑपरेशन आघात” का असर: लैलूंगा में स्कूटी से गांजा तस्करी नाकाम, नाबालिग पकड़ाया

Freelance editor Amardeep chauhan @ http://amarkhabar.com
रायगढ़, 18 मार्च। जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ छेड़े गए अभियान “ऑपरेशन आघात” के तहत लैलूंगा पुलिस ने एक बार फिर सख्त कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी के एक मामले का खुलासा किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने स्कूटी से अवैध गांजा परिवहन कर रहे एक विधि से संघर्षरत बालक को धर दबोचा और उसके कब्जे से 5 किलो से अधिक गांजा जब्त किया है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, 17 मार्च को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक उड़ीसा की ओर से गांजा लेकर पाकरगांव की तरफ आने वाला है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव ने टीम के साथ तत्काल पाकरगांव के अटल चौक पर घेराबंदी की। कुछ ही देर में संदिग्ध स्कूटी दिखाई दी, जिसे रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने भागने की कोशिश की। पुलिस टीम की सतर्कता के चलते उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया।
तलाशी के दौरान स्कूटी में रखे प्लास्टिक पन्नी से गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में पकड़े गए बालक ने बताया कि वह उड़ीसा के लेफरीपारा क्षेत्र से गांजा खरीदकर स्थानीय स्तर पर खपाने के उद्देश्य से ला रहा था। जब्त गांजे का कुल वजन 5 किलो 100 ग्राम पाया गया, जिसकी बाजार कीमत करीब ढाई लाख रुपये आंकी गई है। वहीं, परिवहन में प्रयुक्त टी.वी.एस. स्कूटी भी जब्त कर ली गई है, जिसकी कीमत लगभग 50 हजार रुपये बताई जा रही है। इस तरह कुल करीब 3 लाख रुपये का मशरूका पुलिस ने अपने कब्जे में लिया है।
पुलिस ने इस मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज कर विधि से संघर्षरत बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। “ऑपरेशन आघात” के तहत आगे भी ऐसी कार्रवाइयां जारी रहेंगी और इसमें संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
इस पूरी कार्रवाई में थाना लैलूंगा की टीम की सक्रियता और तत्परता उल्लेखनीय रही, जिसने समय रहते एक बड़ी तस्करी को नाकाम कर दिया।
अन्य अधिक खबरों के लिए क्लिक करें https://amarkhabar.com/